कन्नौज। ओम प्रकाश पाठक मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के तृतीय संस्करण में कन्नौज तहसील और छिबरामऊ तहसील के बीच क्वालीफायर मुकाबला खेला गया। इसमें छिबरामऊ टीम ने 40 रन से कन्नौज तहसील टीम को पराजित कर दिया।
शहर के बोर्डिंग मैदान में गुरुवार को छिबरामऊ तहसील और कन्नौज तहसील के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। कन्नौज तहसील के कप्तान सजल सिंह ने टास जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी छिबरामऊ की टीम ने 15 ओवर में 119 रन पांच विकेट के नुकसान पर बनाए। सलामी बल्लेबाज आशीष ने शानदार अर्द्धशतक लगाते हुए 63 रन बनाए। अन्य बल्लेबाज में कृष्णा ने 12 रन, आरिफ ने 16 रन का योगदान दिया। कन्नौज तहसील के गेंदबाज सजल सिंह ने दो विकेट, मुकुल किशोर और विशाल राणा ने भी एक-एक विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कन्नौज की टीम 79 रन सात विकेट के नुकसान पर बना पाई।
कन्नौज के बल्लेबाज प्रमोद ने 30 रन, सजल सिंह ने 13 रन और विशाल दुबे ने 13 रन बनाए। छिबरामऊ के गेंदबाज अभिषेक ने चार विकेट व गेंदबाज अजय ,अमित यादव, अंकित यादव ने एक-एक विकेट लिया। कन्नौज क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य के पवन त्रिवेदी, संजय सामवेदी, आनंद मिश्रा और शुभम दुबे मौजूद रहे।