कन्नौज। जिला अस्पताल की अव्यवस्थाएं कम नहीं हो रहीं हैं। पैथोलॉजी का यूपीएस सोमवार को खराब हो गया तो यहां लगीं मशीनें बंद हो गईं। मरीजों की जांच का काम भी ठप हो गया। मामला सीएमएस तक पहुंचा तो ब्लड बैंक में लगे यूपीएस को पैथोलॉजी में शिफ्ट किया गया और जांचें शुरू कराई गईं। एक घंटे तक 150 मरीजों की जांचें प्रभावित हुईं। कई मरीजों और तीमारदारों की कर्मचारियों से कहासुनी भी हुई और वे बिना जांच कराए लौट गए।
भीषण गर्मी में जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ है। डॉक्टरों के कक्ष से लेकर दवा वितरण काउंटर और पैथोलॉजी तक में मरीजों की लाइनें लग रहीं हैं। सोमवार को सुबह करीब 11 बजे पैथोलॉजी में मशीनों को बिजली आपूर्ति कराने वाला अनइनट्रप्टिबल पावर सप्लाई (यूपीएस) खराब हो गया। इससे कंप्लीट ब्लड काउंट (सीबीसी) मशीन और बायो केमिस्ट एनालाइजर मशीनें बंद हो र्गइं। इन मशीनों के बंद होने से मरीजों की होने वाली करीब 40 जांचें नहीं हो सकी। कई मरीजों ने नाराजगी जताई। कर्मचारियों से कहासुनी कर पर्चा वापस लेकर कई मरीज लौट गए। मशीनें बंद होने की जानकारी मिलते ही सीएमएस डॉक्टर शक्ति बसु ने ब्लड बैंक में लगे यूपीएस को पैथोलॉजी में लगवा कर करीब एक घंटे बाद जांचें शुरू करर्वाइं। सीएमस डॉ. शक्ति बसु ने बताया कि तकनीकी खराब के चलते जांचें कुछ देर तक ठप रहीं। तकनीकी कमी दूर कर मरीजों की जांच शुरू करा दी गईं थीं।