भड़काऊ होर्डिंग्स को हटवाया गया। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। सौहार्द की खुशबू बिखेरने वाले कन्नौज का माहौल बिगाड़ने की साजिश की जा रही है। कुछ अराजकतत्वों ने अल्पसंख्यक बहुल मोहल्ले शेखाना में भड़काऊ बातें लिखी होर्डिंग लगवा दीं। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने होर्डिंग हटवा दीं और इन्हें लगाने वालों की तलाश करने लगे।
शहर के मोहल्ला शेखाना अल्पसंख्यक बहुल है। सोमवार को पुलिस महकमे के जिम्मेदारों को सूचना मिली थी कि मोहल्ले में छह अलग-अलग स्थानों पर कुछ होर्डिंग्स लगी हैं। इन होर्डिंग्स में अल्पसंख्यक समाज के लोगों को ही न सिर्फ चेताया गया है, बल्कि भड़काया भी गया है।
होर्डिग्स लगे होने की जानकारी पर शहर कोतवाली की पुलिस शेखाना पहुंची। सभी छह होर्डिंग्स को चिह्नित कर पुलिस ने उतरवा दिया और कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस होर्डिंग्स लगाने वालों की तलाश में जुट गई है। सोमवार शाम देर शाम तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली।
शहर कोतवाल आलोक कुमार दुबे ने बताया कि सोमवार को जानकारी मिलते ही होर्डिंग हटवा दी गईं। कुछ लोगों ने बताया है कि होर्डिंग पहले से लगी थीं, लेकिन ध्यान सोमवार को ही गया। इसके अलावा सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। अभी मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।