कन्नौज। दहेज की मांग पूरी न होने पर सदर कोतवाली के बंधवा गांव में ससुराल वालों ने बहू पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मंगलवार सुबह छत पर मरणासन्न हालत में महिला को देखकर पड़ोसियों ने मायके पक्ष को जानकारी दी। मायके पक्ष ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
छिबरामऊ कोतवाली के गांव अलनापुर निवासी मैनुद्दीन ने 2017 में बेटी मोहिनी की शादी सदर कोतवाली के बंधवा गांव निवासी बाबर के साथ की थी। बाबर खेती करता है। मोहिनी से वह दहेज में एक लाख रुपये की मांग करता था। मांग पूरी न होने पर सोमवार रात बाबर, ससुर नन्हे मियां, ननद अंजुम और देवर चांद बाबू ने छत पर सो रही मोहिनी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने खून से लथपथ मोहिनी को छत पर मरणासन्न हालत में पड़ा देखकर जानकारी उसके भाई मुस्तकीम और मां रानी को दी। मौके पर पहुंचे भाई ने मोहिनी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मोहिनी की तहरीर पर पुलिस ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।