दुकान के आगे पड़ी टीनशेड को हटाता बुल्डोजर। संवाद
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ। नगर पालिका की टीम ने बुधवार को नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नगर पालिका से शुरू हुआ अभियान पश्चिमी बाईपास व पूर्वी बाईपास तक चला। बुलडोजर ने नगर के फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त करा दिया। कार्रवाई का नगर पालिका रोड पर कुछ दुकानदारों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस ने उनको शांत करा दिया।
बुधवार को तहसीलदार राजू कुमार, ईओ सुरेंद्र कुमार केसरवानी, कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने नगर पालिका की टीम के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। नगर पालिका रोड पर नालों के ऊपर दुकानदारों ने अतिक्रमण वाले टिनशेड को बुलडोजर से तोड़ दिया गया। कुछ दुकानदारों ने विरोध किया, लेकिन अभियान अपनी गति से चलता रहा। इसके बाद यह अभियान पश्चिमी बाईपास की तरफ बढ़ा। नगर में जगह-जगह बेवजह लगे पोल को भी उखाड़ दिया गया।
पालिका की टीम के आने से पहले ही लगभग सभी दुकानदारों ने दुकानों के आगे पड़े तख्तों को हटाकर सामान अंदर कर लिया था। सब्जी मंडी में भी सब्जी विक्रेताओं को निश्चित स्थान के अंदर दुकान लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद पश्चिमी बाईपास पर दुकान के काफी आगे तक लगे टिनशेडों को बुलडोजर से तुड़वाकर दुकानदारों को पीछे रहने के निर्देश दिए गए। पश्चिमी बाईपास से लौटकर यह अभियान पूर्वी बाईपास तक चला। पालिका की टीम के साथ चल रहे ट्रैक्टरों में अतिक्रमण के दौरान हटाए गए सामान को भरवाया गया। ईओ सुरेंद्र कुमार केसरवानी ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
युवकों ने ईओ को धमकाया
नगर पालिका रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद कुछ युवक ईओ के पास आ गए और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर फिर से अभियान न चलाने की चेतावनी देने लगे। ईओ ने जब युवकों को रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी तो वे खिसक लिए।
बैंक प्रबंधकों को दिया जाएगा नोटिस
अतिक्रमण अभियान के दौरान कुछ बैंकाें के बाहर जनरेटर फुटपाथ पर रखे मिले। इस पर ईओ सुरेंद्र कुमार केसरवानी ने बताया कि बैंक प्रबंधकों को नोटिस देकर जनरेटर हटाने के लिए कहा जाएगा।
अतिक्रमण अभियान के दौरान मौजूद तहसीलदार राजू कुमार, ईओ सुरेंद्र कुमार केसरवानी व कोतवाल जयप्रका- फोटो : CHIBRAMAU