हसेरन। आठ दिन से लापता युवक खेत में गंभीर हालत में मिला। ग्रामीणों ने उसकी फोटो सोशल मीडिया में वायरल की तो पहचान हो सकी।
क्षेत्र के सकतपुर गांव निवासी रजनीश कुमार बुधवार सुबह खेतों की तरफ गए तो किनारे युवक को पड़ा देखा। उन्होंने इसकी सूचना ग्राम प्रधान व अन्य लोगों को दी। ग्रामीणों ने जब युवक को देखा तो उसकी सांसें चल रही थीं। युवक से जब उसके परिजनों के बारे में पूछा गया तो वह कुछ भी नहीं बता पा रहा था।
प्रधान विवेक दुबे ने युवक की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। फोटो वायरल के बाद युवक की पहचान सौरिख के कायमपुर निवासी वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई। जानकारी पाकर युवक के परिजन भी मौके पर आ गए। युवक के पिता जल सिंह वर्मा ने बताया आठ दिन पहले वीरेंद्र घर से बिना बताए निकल गए थे। उसका दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। अधिक शराब पीने से उसकी यह हालत हुई है। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। (संवाद)