कन्नौज। यह सुनने में भले ही अजीब लगे, मगर हकीकत है कि करीब 20 फीसदी सरकारी कर्मचारी पोस्टल बैलेट से वोट देने में फेल हो गए हैं। जिले की तीनों विधानसभा सीट पर कुल 4314 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया। इनमें मतगणना के दौरान 880 वोट रिजेक्ट हुए हैं। यानी ये ऐसे कर्मचारियों के पोस्टल बैलेट हैं, जो वोट तक ठीक से नहीं डाल पाएं हैं।
मंडी समिति परिसर में गुरुवार को सबसे पहले पोस्टल बैलट की मतगणना हुई। विधानसभा चुनाव में जिन सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है, उन्हें पोस्टल बैलेट के जरिये वोट डालने का मौका दिया गया। इसमें कन्नौज जिले और यहां के अन्य जिलों में सरकारी नौकरी कर रहे कर्मचारी शामिल हैं। जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर कुल 4314 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया, जिसमें 880 वोट इस लिए रिजेक्ट हुए कि कर्मचारियों ने संबंधित खाने में सही प्रकार से उपयोग नहीं किया है। सदर विधानसभा सीट से 229, तिर्वा विधानसभा सीट से 392 और छिबरामऊ विधानसभा सीट से 259 वोट रिजेक्ट हुए हैं।