तिर्वा। प्रसूता को जिला अस्पताल में भर्ती नहीं किया जाना जानलेवा साबित हुआ। कानपुर ले जाते समय प्रसूता ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है। वहीं जिला अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच करने की बात कही है।
ठठिया थाना क्षेत्र के गांव टिकोरियनपुर्वा निवासी राकेश कुमार की 35 वर्षीय पत्नी सरिता देवी को गुरुवार दोपहर तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। इससे राकेश कुमार और परिवार के लोग सीएचसी तिर्वा लेकर गए थे। यहां सरिता की हालत बिगड़ गई और चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में गंभीर हालत देखकर चिकित्सक और नर्स ने भर्ती करने से मना कर दिया और कानपुर ले जाने की सलाह दी। परिजन सरिता को लेकर कानपुर ले जा रहे थे। इस दौरान सरिता की मौत हो गई। सीएमएस डॉक्टर शक्ति बसु ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। जांच कराई जाएगी। इसमें अगर लापरवाही मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।