तालग्राम। क्षेत्र के रनवां गांव में दो दिन से मवेशियों में फैली गला घोटू बीमारी से अब तक छह मवेशी काल के गाल में समा गए हैं। दो दर्जन से अधिक जानवर बीमार हैं। पशुपालकों ने स्थानीय चिकित्सकों से इलाज कराया था, लेकिन राहत नहीं मिली। इधर, पशु पालन विभाग ने मवेशियों का टीकाकरण कराना शुरू कर दिया है।
गांव के पशुपालक प्रदीप ने बताया कि रामसरन जाटव की तीन मवेशी, प्रमोद की दो मवेशी और पिंटू ठाकुर की एक भैंस दो दिन पहले गला घोटू से मौत का शिकार हो गई। इसके अलावा मौजूदा समय श्यामू जाटव, श्रीचंद्र समेत कई लोगों के मवेशी बीमारी के चपेट में हैं। इलाज के बाद भी बीमारी नहीं थमी है। सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. विकराल सिंह व कर्मचारियों ने मवेशियों का टीकाकरण करना शुरू कर दिया।