छिबरामऊ। मोहल्ला किदवई नगर में बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया। घर के ताले तोड़ लाखों के गहने व नगदी पार कर दी। गृहस्वामी महिला ने तीन लाख रुपए नुकसान की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
छिबरामऊ कोतवाली के दीपकपुर रोड स्थित मोहल्ला किदवई नगर निवासी प्रीती देवी ने बताया कि पति मनीश कुमार ट्रक चालक है, जो अक्सर घर से बाहर रहते हैं। बुधवार लगभग सात बजे वह घर पर ताला डालकर बच्चों के साथ मायके भगवानपुर अकबरपुर गई थी। रात किसी समय चोर बंद पड़े मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद चोर कमरे का ताला तोड़ उसमें रखी सेफ से नगदी व गहने लेकर भाग गए। सुबह ताला टूटा देख पड़ोसी ने प्रीती के अलावा पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आस-पास के लोगाें से पूछताछ की। घर पहुंची प्रीती ने बताया कि चोर घर में रखी 30 हजार रुपये की नकदी, एक सोने का हार, पांच सोने की अंगूठी, दो सोने की चूड़ी, एक जोड़ी झाला, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो करधनी, बच्चों के दो चांदी के दो लॉकेट साथ ले गए। इस संबंध में कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। महिला द्वारा एक ऑटो चालक पर शक जताया गया है। इसकी भी जांच की जा रही है।
-