गुरसहायगंज। रेलवे क्रासिंगमें तकनीकी खराबी से करीब एक घंटा तक गेट नहीं खुला। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार की शाम ट्रेन को पास करने के दौरान पश्चिमी रेलवे क्रासिंग फाटक को अश्विनी कुमार ने बंद किया। ट्रेन पास होने के बाद फाटक नहीं खुला। ऑटोमेटिक सिस्टम होने के कारण पूर्वी रेलवे क्रासिंग फाटक बंद रहा। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। रामगंज बाईपास से लेकर जीटी रोड कोतवाली के आगे तक करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बड़े और छोटे वाहन फंस गए। मौके पर पहुंचे कोतवाल टीपी वर्मा ने केबिन मैन से मामले की जानकारी ली।
इस बीच कानपुर से फर्रुखाबाद और फर्रुखाबाद से कानपुर की ओर जाने वाली ट्रेनें आ गईं। इससे फाटक खुलने में और देरी हो गई। ट्रेनों के निकलने के बाद तकनीकी खराबी दूर की गई। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।