तालग्राम/कन्नौज। कानपुर नगर के पनकी थाना में तैनात एसआई अनुराग सिंह को गश्त के दौरान गोली मारने के मामले में रविवार सुबह कानपुर की चार क्राइम ब्रांच टीमों ने एक साथ तालग्राम थाना क्षेत्र के गांव वैसापुर में गंगाचरण के मकान में घेराबंदी कर छापेमारी की। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस टीमों ने उसके मकान की तलाशी लेने के दौरान दो मोबाइल और डायरी के अलावा कई अन्य चीजों को जब्त कर लिया। गंगाचरण से पूछताछ के बाद आईटीआई में पढ़ने वाले उसके पुत्र ऋषि पटेल को अपने साथ ले गई।
सूत्रों के अनुसार छह दिसंबर को गश्त के दौरान कानपुर के पनकी थाने में तैनात एसआई अनुराग सिंह को बदमाशों ने गोली मार दी। इससे वह घायल हो गए थे। कानपुर की क्राइम ब्रांच टीम ने जांच के दौरान वारदात के पीछे नीतासराय पनकी में रहने वाले दिनेश पहलवान का नाम प्रकाश में आया। दिनेश पहलवान के मकान में कई सालों से ऋषि पटेल अपनी एक तलाकशुदा बहन के साथ रहता था। गोलीकांड में ऋषि पटेल का भी नाम सामने आया है। इससे पुलिस ने उसके गांव का रुख कर उसे हिरासत में ले लिया। बताया गया है कि वारदात के बाद से ऋषि पटेल फरार हो गया था। हाल में ही वह 13 दिसंबर को अपने घर आया था। करीब दो दिनों से क्राइम ब्रांच टीम के सिपाही सादे कपड़ों में ऋषि पटेल पर नजर रखे थे। रविवार सुबह घर में तलाशी लेने के बाद उसे अपने साथ ले गई। कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक अविनाश चंद्र मौर्या ने बताया कि पुलिस टीमें छानबीन कर रही हैं। जल्द खुलासा किया जाएगा।
बाइक रेसिंग की वजह से अपराधियों से हुई दोस्ती
कन्नौज। कानपुर की क्राइम ब्रांच और सर्विलांस सेल की हिरासत में आया ऋषि पटेल करीब 10 सालों से कानपुर में अपनी तलाकशुदा बहन के साथ रहता है। उसकी बहन एक निजी कंपनी में जॉब करती है। जबकि मंधना के एक कालेज से ऋषि पटेल आईटीआई कर रहा है। बताया जा रहा है कि बाइक रेसिंग के शौक के चलते उसकी दबौली और गुजैनी में रहने वाले कई अपराधियों से दोस्ती हो गई। सर्विलांस सेल और क्राइम ब्रांच ने हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू की है।