बच्चे से पढ़ाई के बारे में जानकारी करते एडीएम।
- फोटो : अमर उजाला
क्षेत्र के ग्राम हरीनगर स्थित प्राथमिक विद्यालय में चौपाल लगाकर एडीएम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और उनके निस्तारण के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। बुधवार की शाम अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने प्राथमिक विद्यालय हरीनगर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान गांव के लोगों ने बताया कि गांव में 28 हैंडपंप लगे हैं। इसमें से दस खराब हैं।
बताया कि बीपीएल कार्डधारकों को बिजली कनेक्शन दिलाए गए थे, लेकिन अभी तक उन्हें बिल नहीं मिल पा रहे हैं। इसके अलावा नाली-खड़ंजा और सफाई के संबंध में भी ग्रामीणों ने समस्या से अवगत कराया। एडीएम ने शिक्षा की गुणवत्ता के संबंध में मौजूद बच्चों से पहाड़े सुनाने, किताब पढ़ने व कुछ शब्दों को लिखवाकर उनके शब्द ज्ञान को परखा। उन्होंने मध्यान्ह भोजन योजना के साथ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से हौसला पोषण योजना व अतिकुपोषित बच्चों के संबंध में जानकारी ली।
खुले में शौच जाने से मुक्त योजना के संबंध में उन्होंने ग्राम प्रधान राजकिशोर दुबे से जानकारी की तो प्रधान ने बताया कि पूरे गांव में शौचालय बनवा दिए गए हैं। इसके बाद भी कुछ लोग अभी भी खुले में शौच जाते हैं। इस पर एडीएम ने निर्देश दिए कि ऐसे लोगों को समाज के सामने माल्यार्पण कर लज्जित करें। चौपाल में एसडीएम महेशप्रसाद दीक्षित मौजूद रहे।