गुगरापुर के गोरीबांगर में फैली गंदगी
- फोटो : अमर उजाला
विकास खंड गुगरापुर के गांव गोरी बांगर संक्रमण की चपेट में हैं। गांव में दो दर्जन से अधिक लोग उल्टी, दस्त व तेज बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीणों ने गांव में एक साल से सफाई न होने का आरोप लगाया है। वहीं गांव में स्वास्थ्य टीम के न पहुंचने से स्थिति और बिगड़ सकती है। सहिल्लापुर गांव के बाद अब गोरीबांगर में संक्रमण फैल गया है। पिछले 15 दिनों से गंदगी के कारण गांव में फैले संक्रमण से शिवम कुमार सिंह (11), राहुल प्रताप (20), कमचाल सिंह (12), पमली हसन (12), राजसिंह (06), असिर (7), प्रमोद कुमार (38), सत्यम कु्मार (15) समेत दो दर्जन से अधिक लोग बीमार है।
जो अलग-अलग निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। ग्रामीण चंचल सिंह, चंदन, प्रमोद कु्मार, सर्वेश बाथम, सर्वेश शर्मा, अशोक सैनी, रामनाथ दिवाकर, रिजवी मोहम्मद, बादाम सिंह, रूप सिंह ने बताया कि गांव में बीते एक साल से सफाई नहीं हुई है। नालियां गंदगी से पटी पड़ी है। गांव में किसी सफाई कर्मी की तैनाती भी नही है। तालाब भी गंदगी से भरे पड़े है। जिससे गांव में बीमारी फैल रही है। सूचना के बाद भी अभी तक गांव में कोई नहीं आया है।
इस मामले में गुगरापुर प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि संक्रमित गांवों में सूचना पर टीम भेजी जाती है। अभी तक गोरी बांगर में बीमारी की किसी ने सूचना नहीं दी थी। गुरुवार को स्वास्थ्य टीम को भेजा जाएगा।