तालग्राम। झोलाछाप के इलाज से शनिवार की देर शाम सात माह के बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद झोलाछाप क्लीनिक बंद करके फरार हो गया। परिजनों ने रात में हंगामा काटा। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना ठठिया के सरैठी गांव निवासी गिरीशचंद्र ने बताया कि अपने सात माह के पौत्र गौरव को इलाज के लिए छिबरामऊ लेकर जा रहे थे। रास्ते में एक व्यक्ति ने तालग्राम के एक डॉक्टर कर नाम बता कहा वह बच्चों का अच्छा इलाज करते हैं। वह उसकी क्लीनिक पर शनिवार शाम पौत्र को लेकर पहुंच गए। जांच के बाद पौत्र को
झोलाछाप ने चार इंजेक्शन लगा दिए। जिससे हालत बिगड़ गई। इस बीच झोलाछाप क्लीनिक बंद कर भाग गया। बच्चे को गंभीर हालत में सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मेडिकल मेमो के आधार पर शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के पिता मान सिंह ने बताया कि गौरव को जन्म देने के दो माह बाद उसकी पत्नी लक्ष्मी की बीमारी से मौत हो गई है। इकलौता पुत्र था। जिसकी देखभाल दादी कर रही थी। बुखार आ रहा था।
दलाल पहुंचाते हैं झोलाछाप के यहां मरीज
इलाके के झोलाछाप अपने गुर्गो और दलालों को मोटी रकम देते हैं। जिससे यह लोग बीमार लोगों को अच्छे इलाज का भरोसा देकर इनके यहां ले जाते हैं।