कन्नौज। सदर कोतवाली के भवानीपुर प्रताप गांव में हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स लगा है। बेटे की तहरीर में नामजद गांव के दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इनसे देर रात तक पूछताछ की जाती रही।
भवानीपुर प्रताप गांव निवासी आल्हा सिंह उर्फ हरीशंकर(45) की गांव के शेर सिंह से पुरानी रंजिश चल रही थी। हरीशंकर के बेटे सूरज ने बताया कि पिता घर के बाहर खड़े थे। इस दौरान शेर सिंह उर्फ शेरा और शिवा दरवाजे पर तमंचा लहरा रहे थे। पिता ने डांटते हुए घर जाने के लिए कहा। इससे दोनों युवक पिता से गाली गलौज करने लगे। उन्होंने मना किया तो पिता को तमंचे से पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। खून बहता देख परिवार में कोहराम मच गया। जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर के हैलट अस्पताल में देर रात मौत हो गई। वहीं पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है।
सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि आल्हा सिंह उर्फ हरीशंकर पर करीब 21 मामले दर्ज हैं। यह हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, गैंगस्टर आदि के हैं। हिस्ट्रीशीट खुली है। पुलिस को जांच में पता चला है कि इनमें अप्रैल माह में भी झगड़ा हुआ था। तब आल्हा ने आरोपियों पर हमला किया था। इसी की रंजिश चली आ रही थी। दबंगई ऐसी थी कि इनका मामला पुलिस तक नहीं आ सका था। अब आल्हा के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने शेरा व शिवा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।