तालग्राम सीएचसी में भर्ती जीनत से जानकारी लेतीं संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डॉ. सरोजबाला। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम। कस्बे के मोहल्ला कायस्थान और सटे हुए गांव अकरमाबाद में बड़ी संख्या में लोगों के उल्टी-दस्त से पीड़ित होने की जानकारी पर संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डॉ. सरोज बाला ने सीएचसी पहुंचीं। मरीजों से हालचाल लिया और कायस्थान में भी निरीक्षण किया। हालांकि इस दौरान वे जवाब देने से कतराती रहीं। कायस्थान में एक और किशोरी और अकरमाबाद में भी चार लोग उल्टी दस्त से पीड़ित मिले।
कायस्थान में सोमवार तड़के सगी बहनों समेत तीन की मौत हो गई थी। तीनों लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित थे। इनके परिजन व मोहल्ले के अन्य लोगों को भी उल्टी-दस्त हो रहे थे। यहां स्वास्थ्य परीक्षण में मंगलवार को साहिबा (17) पुत्री नफीस भी उल्टी-दस्त से पीड़ित मिलीं। अन्य लोग बुखार और जुखाम से पीड़ित मिले।
यहां पहुंची स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त निदेशक डॉ. सरोज बाला ने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि इलाज में कोई लापरवाही न हो। उधर, दूसरी ओर अकरमाबाद में डॉ. सिद्धार्थ के नेतृत्व में टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। 40 लोग बीमार मिले, जिनमें से चार उल्टी-दस्त से पीड़ित थे और बाकी खांसी, जुकाम और बुखार की समस्या थी। इधर, डॉ. सरोज बाला से जब निरीक्षण को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बैठक में होने का हवाला देते हुए बाद में बात करने के लिए कहा। लगभग ढाई घंटे बाद कई बार कॉल करने पर भी उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
...तो नगर निकाय और पंचायत राज पर जिम्मेदारी फोड़ने की तैयारी
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक संयुक्त निदेशक अपनी जांच रिपोर्ट शासन को देंगी। विभाग से जुड़े जानकार बताते हैं कि पूरी घटना को लेकर नगर निकाय और पंचायत राज विभाग पर जिम्मेदारी फोड़ने की तैयारी की गई है। स्वास्थ्य महकमे के जिम्मेदार अनौपचारिक बातचीत में डायरिया फैलने की बात स्वीकार करते हुए यह भी कहते हैं कि गंदा पानी पीने के कारण इन लोगों की हालत बिगड़ी है।