जलालाबाद। उमस भरी गर्मी के चलते जिला जेल में भी बीमारियां बढ़ रहीं हैं। बंदी और कैदी उल्टी-दस्त, बुखार के साथ-साथ अन्य बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। डॉक्टरों ने शिविर लगाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके बाद बीमार बंदी और कैदियों का उपचार किया।
बुधवार को जिला जेल अनौगी में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। डॉक्टरों ने 940 बंदी और कैदियों में से बीमारी के लक्षण मिलने पर 156 का परीक्षण किया। इसमें फिजीशियन डॉ. जितेंद्र नाग ने उल्टी-दस्त, बुखार और सिर दर्द के 50 मरीजों का उपचार किया। डेंटल राहुल कानौजिया ने दांत के 16 मरीज, डॉ आकाश ने हड्डी के 30, डॉ. मोनिका सचान ने नाक-कान-गला के 14 और डॉ. रेनू ने स्त्री रोग से पीड़ित छह महिलाओं का उपचार किया। इस दौरान आठ मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जेल अधीक्षक वीके मिश्रा ने बताया कि सभी बीमार बंदी और कैदी मरीजों को बेहतर उपचार मुहैया कराया जाएगा।