फोटो-17- शीबा की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
गुरसहायगंज। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझपुरवा में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। प्राथमिक जांच में जहरीला पदार्थ खाने से मौत की बात सामने आई है। मृतका के भाई ने ससुरालियों पर दहेज के लिए विवाहिता की हत्या जहरीला पदार्थ देकर करने का आरोप लगाया है।
मझपुरवा निवासी शीबा (26) का निकाह लगभग छह वर्ष पहले गांव के ही कादिर के साथ हुआ था। कादिर दिहाड़ी मजदूर है। शुक्रवार की रात शीबा की तबियत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पर मृतका का भाई जावेद पहुंच गया। जावेद का आरोप है कि कादिर दहेज में बाइक और सोने की चेन की मांग कर रहा था।
इसके लिए शीबा को प्रताड़ित करता था। कई बार कादिर को समझाया गया तो वह दूसरी शादी करने की धमकी देने लगा। आरोप है कि इसी के चलते शुक्रवार रात जहरीला पदार्थ देकर शीबा की हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्राथमिक जांच में जहरीला पदार्थ खाने के कारण मौत होने की बात सामने आई है। मृतका के भाई की फौती सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।