कन्नौज। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने केरोसिन छिड़क कर महिला को आग के हवाले कर दिया। बुरी तरह झुलसी महिला को दूसरे दिन कानपुर ले जाते समय रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया। पिता ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मैनपुरी सदर कोतवाली के गांव हरिचनपुर निवासी विशुन दयाल ने 28 वर्षीय बेटी प्रीती की शादी सदर कोतवाली के कहारनपुर्वा अमरौली निवासी रामबाबू के साथ करीब आठ साल पहले की थी। आरोप है कि शादी के बाद से रामबाबू और परिवार के लोग दहेज में एक लाख रुपये और एक सोने की चेन की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर वह लोग उसका उत्पीडन करने लगे। शनिवार दोपहर करीब एक बजे पड़ोसियों ने विशुन दयाल को फोन कर बताया कि उनकी बेटी प्रीती आग से जल गई। इससे वह लोग गांव पहुंचे। यहां प्रीती के बच्चों ने बताया कि पापा मम्मी को लेकर गुरसहायगंज कस्बा के एक नर्सिंग होम में गए हैं।
रविवार को हालत बिगड़ने पर रामबाबू प्रीती को कानपुर भर्ती कराने ले जा रहा था। इस दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। प्रीती के पिता विशुन दयाल ने रामबाबू और उसके माता पिता के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने केरोसिन डालकर बेटी को जलाकर मारा डाला। कोतवाल आलोक कुमार दुबे ने बताया कि आरोपी रामबाबू को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है। ससुराल पक्ष का कहना है कि प्रीती हादसे में जली है।