शुक्रवार को कस्बे में मूर्ति विसर्जन यात्रा धूमधाम
के साथ निकाली गई। यात्रा में उमड़ी भीड़ ने भक्ति गीतों पर जमकर नृत्य
किया। इस दौरान एटा से आई काली मंडल व मथुरा से राधाकृष्ण मंडल के कलाकार
भी भक्ति गीतों पर थिरकते रहे।
बाद में गांव मड़ियन देवी स्थित तालाब
में मूर्तियों का विसर्जन किया गया। कस्बे के तिराहा स्थित संतोषी माता
मंदिर, रेलवे रोड हनुमान मंदिर, बिजली घर स्थित गंगेश्वरनाथ मंदिर, तिर्वा
रोड स्थित मां भगवती सेवा समिति सहित करीब आधा दर्जन स्थानों पर दुर्गा
पांडाल में मूर्तियां स्थापित की गई थी।
शुक्रवार को विसर्जन से पहले सभी
मूर्तियों को ट्रैक्टरों पर सजाकर रखा गया। तिराहा पर कस्बा व आसपास
ग्रामीण अंचलों से आई मूर्तियां भी एकत्रित हुई। यहां से एक विशाल
शोभायात्रा की शुरुआत हुई। भारी हुजूम के साथ यात्रा जीटी रोड, पूर्वी
रेलवे क्रासिंग, तिर्वा रोड, चकोर रोड होते हुए गांव मड़ियन पहुंची।
यहां
तालाब में मंत्रोच्चारण के मध्य मूर्तियों का विसर्जन किया गया। मां भगवती
सेवा समिति की ओर से बुलाए गए कलाकारों की टीमों ने तलवारबाजी के हैरअंगेज
कारनामे दिखाए। मथुरा से आई राधा कृष्ण व गोपिकाओं की टीम ने भी भक्ति
गीतों पर जमकर नृत्य किया।