गुरसहायगंज(कन्नौज)। युवती ने बंधक बनाकर पांच लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। शनिवार को एसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय मांगा है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि गांव के युवक ने प्रेमजाल में फंसा लिया था। एक मई को घर बुलाकर बंधक बना लिया। पांच लोगों ने 15 दिन तक दुष्कर्म किया। 16 मई को किसी प्रकार छूटकर घर पहुंची। सामाजिक लोकलाज को देखते हुए कुछ लोगों की मध्यस्थता से युवक के साथ 18 मई को निकाह करा दिया। निकाह के बाद पति 20 मई को घर से चला गया। इसके बाद उसके दो भाई लगातार दुष्कर्म करते रहे।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसकी जानकारी पिता को दी। 20 जुलाई को यूपी 112 पुलिस की मदद से पिता ने मुक्त कराया। पिता पर लाठी-डंडों से पिटाई करने का भी आरोप लगाया है। इस मामले में पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोई कार्रवाई नहीं होने पर एसपी को पांच लोगों के खिलाफ दुष्कर्म करने का प्रार्थना पत्र दिया है।