जिला अस्पताल में पहले वैक्सीन लगवाने के लिए धक्कामुक्की करते लोग।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका से खौफजदा युवा वैक्सीन लगवाने पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल में पहले वैक्सीन लगवाने के लिए शनिवार को युवाओं ने हंगामा कर दिया। नाराज स्टाफ ने एक घंटे तक वैक्सीनेशन का काम बंद रखा। होमगार्ड ने सभी को कतार में खड़ा किया। इसके बाद वैक्सीनेशन किया गया।
जिला अस्पताल में शनिवार को वैक्सीन लगवाने के लिए भीड़ रही। पहले वैक्सीनेशन के लिए युवक धक्कामुक्की करने लगे। कई लोगाें में नोकझोंक हुई। इससे नाराज स्टाफ ने वैक्सीन लगाने का काम बंद कर दिया। इस पर हंगामा और बढ़ गया। करीब एक घंटे तक वैक्सीनेशन का कार्य प्रभावित रहा। बाद में होमगार्ड जवान ने सभी को कतार से खड़ा कराया। सभी के कार्ड जमा कर लिए। इसके बाद नाम बुलाकर वैक्सीन लगाई गई।
यही हाल विनोद दीक्षित चिकित्सालय में रहा। यहां 18 से 45 वर्ष के लोग वैक्सीन लगवाने के लिए लंबी कतार में लगे रहे। युवाओं को चिकित्सालय के मुख्य गेट पर रोक कर स्लॉट चेक किया गया। इसके बाद पर्चा बना कर वैक्सीन लगवाने के लिए अस्पताल के अंदर प्रवेश दिया गया।