सौरिख। फर्जी पट्टों और अवैध कब्जों की जांच में शिकायत सही पाए जाने पर लेखपाल को निलंबित कर भूलेख कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। आगे की जांच नायब तहसीलदार को सौंप दी गई है।
सौरिख क्षेत्र के गांव सलेमपुर रैपालपुर में लेखपाल के फर्जी आवंटन व कब्जों की पोल उस समय खुल गई जब गांव के लोगों ने जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद किया।
मामला तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत के पास तक पहुंचा। शासन तक मामला पहुंचते ही प्रशासन ने आनन-फानन में लेखपाल के खिलाफ जांच बैठा दी। जांच में लेखपाल पर 18 लोगों के फर्जी पट्टे कर कब्जे दिलाने का आरोप सही साबित हुआ। एसडीएम गौरव शुक्ला ने क्षेत्रीय लेखपाल मिथलेश सिंह को निलंबित कर दिया।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक लेखपाल ने ग्राम सभा रूर में करोड़ों की जमीन अपने चहेतों को दिला दी। जमीन सौरिख खड़िनी फोरलेन रोड के किनारे है। इसके अलावा गांव के ढाई एकड़ के खेल मैदान पर भी लेखपाल की स्वीकृति से अवैध कब्जे कर लिए गए।