घायल डकैत सुल्तान मोगिया को ले जाते पुलिस कर्मी।
- फोटो : स्राेत : पुलिस
कन्नौज। पुलिस ने मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी डकैत सुल्तान मोगिया को गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, डकैत की फायरिंग में सदर कोतवाल बाल-बाल बच गए। गोली उनके सिर के पास से निकल गई। डकैत गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित था। दो वर्ष पहले उसने गैंगलीडर के साथ मिलकर कन्नौज में ही व्यापारी के घर लाखों रुपये की डकैती डाली थी।
पुलिस को मंगलवार की रात सूचना मिली कि डकैत सुल्तान मोगिया घटना को अंजाम देने के लिए रेकी कर रहा है। सटीक सूचना पर पुलिस की टीमों ने अहमदपुर रौनी गांव के पास पुलिस ने सुल्तान मोगिया को घेर कर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। सुल्तान ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी। एक गोली शहर कोतवाल कपिल दुबे के सिर के पास से निकल गई और वह बाल-बाल बच गए। जवाब में पुलिस ने फायर किए, जिसमें एक गोली सुल्तान मोगिया के पैर में लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस की टीमों ने डकैत के गिरने पर दबोच लिया।
सूचना पर एसपी विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार, सीओ सिटी कमलेश कुमार व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डकैत के पास से एक तमंचा कारतूस, पांच हजार की नकदी बरामद की गई। कोतवाल ने सुल्तान मोगिया के खिलाफ मुठभेड़ की रिपोर्ट दर्ज की है। सुल्तान को कोर्ट में पेश करने के बाद बुधवार को जेल भेज दिया गया। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित 50 हजार के इनामी बदमाश सुल्तान मोगिया को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। उसके पैर में गोली लगी है।