तालग्राम। थाना क्षेत्र के मधई नगला गांव स्थित मुर्गी फार्म में सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। दो हजार चूजों की जलकर मौत हो गई। इसके अलावा दाना, दवा, आदि सामान भी जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मधई नगला निवासी अनीता देवी का मुर्गी फार्म है। आठ दिन पहले दो हजार चूजे लाए थे। यहीं पर वे परिवार के साथ रहती हैं। सोमवार की रात भोजन के बाद सभी सो गई। रात को संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग लगने से उठने वाले धुएं से परिवार के लोगों का जब दम घुटने लगा, तो लोग जाग गए। किसी तरह से बाहर निकलकर जान बचाई। आग की लपटें उठती देख गांव के लोग दौड़कर आग बुझाई।
मुर्गा फार्म में 2000 चूजे जलकर मर गए। 25 बोरी दान, दस पैकेट गेहूं, ओढ़ने बिछाने के कपड़े, चारपाई समेत ढाई लाख रुपये का नुकसान हो गया। प्रधान मधु शाक्य और भाजपा नेता राजेश भदौरिया भी मौके पर पहुंचे। सूचना पर लेखपाल रोहित यादव ने आग से हुए नुकसान का आकलन कर और हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया है।