कन्नौज। शहर के सरायमीरा की पंजाब नेशनल बैंक शाखा से सरेआम 10 लाख रुपये चोरी कर ले जाने के मामले में पुलिस, साइबर सेल और सर्विलांस टीम फर्रुखाबाद के अपराधियों पर नजर रखे है। एक दर्जन से ज्यादा अपराधियों को चिह्नित किया जा चुका है। ऐसे में जल्द खुलासे की उम्मीद है।
शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में चार सितंबर को चोर कैश काउंटर से पॉलिथीन में रखे 10 लाख रुपये ले गए थे। वारदात के दो घंटे के बाद जानकारी होने पर कैशियर ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली पुलिस, एसओजी, साइबर और सर्विलांस सेल को खुलासे के लिए लगाया है। सर्विलांस और साइबर सेल की शुक्रवार और शनिवार को शहर में आए लोगों के मोबाइल नंबर खंगालने के बाद फर्रुखाबाद के कुछ अपराधियों पर निगाहें टिक गई हैं। एक दर्जन से ज्यादा मोबाइल नंबर चिह्नित किए गए हैं। इन पर पुलिस जल्द शिकंजा कस सकती है। इसके लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। प्रभारी निरीक्षक विकास राय का मानना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर ली गई है। इन्हें पकड़कर जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
बैंक ने किसी के खिलाफ नहीं की कार्रवाई
10 लाख रुपये चोरी के मामले में कैशियर समेत बैंक कर्मियों की लापरवाही उजागर हुई है। बैंक ने अभी तक कैशियर और सुरक्षागार्ड के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। जिम्मेदार कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद खामोश हैं। यह पुलिस की कार्रवाई के इंतजार में हैं।