तालग्राम(कन्नौज)। बिजली चोरी रोकने के लिए पावर कारपोरेशन की ओर से कवायद की जा रही है। एक अगस्त से एनर्जी एकाउंटिंग योजना के तहत बिजली खंभों पर कोडिंग की जाएगी। ट्रांसफार्मर और उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग से मिलान किया जाएगा। इससे बिजली चोरी पर लगाम लगेगी।
तालग्राम के एसडीओ अनुभव श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग चोरी पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रहा है। एनर्जी एकाउंटिंग योजना के अंतर्गत एक अगस्त से कस्बे के बिजले खंभों पर कोडिंग की जाएगी। इसके लिए टीम का गठन कर दिया गया है। कस्बे में उपभोक्ताओं के घरों पर मीटर लगाए जा चुके हैं। नगर पंचायत में 37 ट्रांसफार्मर लगे हैं। कोडिंग पूरी होते ही ट्रांसफार्मर से संबंधित उपभोक्ताओं की रीडिंग का मिलान किया जाएगा। कमियां मिलने पर विजिलेंस और विभागीय टीम की ओर से चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
बिजली चोरी करने पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इस योजना से बिजली चोरी पर अंकुश लगेगा। ओवरलोडिंग और फाल्टों से भी निजात मिलेगी।