तिर्वा। कस्बे के शास्त्री नगर में गुरुवार को एक हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने मकान की छत से नीचे उतरते समय हादसे का शिकार हो गए।
शिवनाथ (58) बुधवार रात में छत पर सो रहे थे। सुबह उठकर वह चारपाई लेकर नीचे उतरने लगे, तभी जीने (सीढ़ियों) पर उनका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह लुढ़कते हुए नीचे गिर पड़े हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान देर शाम शिवनाथ ने दम तोड़ दिया।कानपुर पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। कोतवाल संजय शुक्ल ने बताया कि सूचना के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।