कन्नौज। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद में इस साल छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ गई है। मई में संभावित वार्षिक परीक्षाओं में लड़कों से ज्यादा लड़कियां भाग्य आजमाएंगी। पढ़ाई में बेटियां आगे निकल रहीं हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी छोटेलाल ने बताया कि वर्ष 2021-22 शैक्षिक सत्र में मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल व फाजिल की कक्षाओं में कुल 5728 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इसमें 2146 बालक और 3582 बालिकाएं हैं। पिछले शैक्षिक सत्र 2020-21 में कुल पंजीकृत छात्र-छात्राओं की संख्या 4124 थी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी का कहना है कि पिछले साल की अपेक्षा मदरसा बोर्ड में इस बार 1604 परीक्षार्थी अधिक हैं।
उधर, मदरसा शिक्षा परिषद के रजिस्ट्रार एसएन पांडेय ने भेजे पत्र में कहा है कि मई में वर्ष 2022 की परीक्षाएं होनी हैं। उस दौरान यूपी बोर्ड की परीक्षाओं की कापियों का मूल्यांकन चल रहा होगा। साथ ही विद्यालयों में सत्र की छुट्टी भी चल रही होगी। इस वजह से मान्यता प्राप्त व राज्य से अनुदानित सहायता प्राप्त मदरसों को ही परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए जिला स्तरीय समिति परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करेगी।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी का कहना है कि जो मदरसा सीसीटीवी, फर्नीचर व अन्य सुविधाओं से लैस हैं, उनको ही परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। इसमें राज्य अनुदानित मदरसा और आलिया या उच्च आलिया स्तर का स्थायी मान्यता प्राप्त मदरसा को पोर्टल पर ऑनलाइन किया जाएगा।