ट्रक के पास खडे़ चालक और हेल्पर।
- फोटो : KANNAUJ
उमर्दा (कन्नौज)। नहर के पास खडे़ मौरंग लदे ट्रक के चालक और हेल्पर को बंधक बनाकर बदमाशों ने नगदी लूट ली। वारदात को अंजाम देकर यह फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
हरदोई जिले के रानी खेड़ा गांव निवासी नीलेश के ट्रक को सहवाजपुर निवासी हरनाम सिंह चलाते हैं। इस पर सुमित हेल्पर हैं। बुधवार रात नीलेश ट्रक में मौरंग लादकर उरई से तिर्वा आ रहे थे। उमर्दा कस्बे के नजदीक निचली गंग नहर के पास ट्रक खराब हो गया। इससे नीलेश रिश्तेदारी में चले गए। चालक और हेल्पर ट्रक में सो गए। रात में बाइक सवार तीन बदमाश ट्रक के पास पहुंचे। इन्होंने चालक के पास की खिड़की खटखटाई।
खिड़की न खुलने पर बदमाशों ने शीशे तोड़ दिए। अंदर जाकर चालक और हेल्पर को बंधक बना लिया। चालक से चार हजार रुपये और मोबाइल लूट कर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
इसी जगह दो सितंबर को ऑटो से उतरकर पैदल छंगेपुरवा विद्यालय जा रही शिक्षिका से काली पल्सर सवार दो बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया था। इलाके में बढ़ रहीं घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में दहशत है। सीओ दीपक दुबे ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। फिर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। अराजकतत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।