शोपीस बनी कुशलपुर्वा गांव की पानी की टंकी।
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम(कन्नौज)। ग्राम पंचायत तालग्राम देहात के मजरों में फिर से जलापूर्ति ठप हो गई है। कुशलपुर्वा गांव की पानी की टंकी के नलकूप की मोटर फुंक जाने से 12 दिन से 10 गांवों में जल संकट है।
गांव के राधा किशन, पृथ्वीराज, जवाहर, मनोज सिंह, राजबहादुर ने बताया कि नलकूप की मोटर काम नहीं कर रही है। एक साल में कई बार फुंक चुकी है। यह कई दिनों से फुंकी है। इससे महानगर, कुढ़रा, नटकपुर्वा, धरमंगलपुर, कुशलपुर्वा, रसूलाबाद, कलकत्तापुर्वा, नई बस्ती, मरिहियानपुर्वा समेत दस गांवों में पेयजल की किल्लत है। ग्रामीणों ने मोटर ठीक करने और जलापूर्ति की मांग की है। राधेश्याम, राजेश कुमार, तीर्थराज का कहना है कि पानी की टंकी से गांवों में जल आपूर्ति न होने से हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ रहा है। अधिक जल दोहन के कारण हैंडपंप भी दगा दे रहे हैं। नलकूप आपरेटर शैलेंद्र का कहना है कि मोटर में खराबी आ गई है। इसकी सूचना प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी को दे चुके हैं। मोटर सही कराने के लिए भेज दी गई है।
वहीं एसडीओ पंचायत सुरेंद्र सिंह का कहना है कि पानी की टंकी के नलकूप की खराब मोटर को जल्द ठीक करने के लिए पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। वहीं प्रधान सलीमुद्दीन का कहना है कि मई से अभी तक पांच बार मोटर सही करा चुके हैं। पानी की सप्लाई जल्द शुरू कर दी जाएगी।