नवनियुक्त डीएम जगदीश प्रसाद ने गुरुवार को जिले में कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों को संदेश दिया कि सभी दफ्तर समय से पहुंच जाएं और आने वाली जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण करना सुनिश्चित करें। कहा कि जनता की समस्या के निस्तारण के लिए यदि मौके पर जाना पड़े तो वहां भी जाएं।
डीएम जगदीश प्रसाद ने ट्रेजरी पहुंचकर हस्ताक्षर किए। स्टांप पेपरों की गिनती जिले के सभी एसडीएम से कराई। वहां से निकलकर अपने कार्यालय पहुंचे। पत्रकार वार्ता में कहा कि जन शिकायताें का निस्तारण प्रमुख है। बोले कि हर हाल में जनता की समस्याओं का निस्तारण होगा, जिससे जिले के किसी भी व्यक्ति को अपनी शिकायतों के निस्तारण के लिए सीएम के पास तक नहीं जाना पडे़। उन्होंने जिले के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को सुबह नौ बजे दफ्तर पहुंचने को कहा। पत्रकारों से कहा कि आपके समाचार पत्र के माध्यम से हमें जिले की कई समस्याओं के बारे में पता चलता है, कोशिश रहेगी की छपी खबरों का भी निस्तारण किया जाए। इससे पहले वह विशेष सचिव संस्कृति विभाग एवं सचिव संगीत नाट्य अकादमी रहे हैं।