कन्नौज। शासन की ओर से जिले में तीन नगर पालिका क्षेत्रों में दीपावली मेले का आयोजन किया गया था। सात दिन का यह मेला चौथे दिन ही उजड़ गया। कुल मिलाकर मेला औपचारिकता बनकर ही रहा। सभी दुकानदार स्टाल खालीकर चले गए। वहीं नगर पालिका कर्मी जनता को बांटे जाने वाले पंपलेट को स्टाल पर ही छोड़ कर चलते बने।
शहर के एसबीएस कालेज मैदान में नगर पालिका की ओर से दीपावली मेले का आयोजन किया गया था। रविवार को मैदान में सिर्फ टेंट के स्टाल ही दिखाई दिए। वहीं कालेज के ही मैदान में दो निजी स्तर पर लगाए गए दीपावली मेले गुलजार रहे।
गुरसहायगंज। ग्राहकों के अभाव में दीपावली मेला चौथे दिन ही समाप्ति की ओर पहुंच गया। ग्राहकों के ना आने से अधिकतर दुकानदारों ने अपना सामान समेट दिया। कुछ बचे दुकानदार भी सामान समेटने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए गोपाल नगर में आधा सैकड़ा दुकानदारों के लिए पंडाल लगाया गया। जिसमें जनरल मर्चेंट की दुकान से लेकर कपड़ा और खाने-पीने की तमाम दुकानें 28 अक्तूबर को लगाई गई थी। देर रात सांस्कृतिक कार्यक्रम, जादू, नुक्कड़ नाटक, गीत माला आदि का भी मंचन हुआ।
जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ रही। दिन में ग्राहकों के ना आने से स्टालों पर सन्नाटा रहा। रविवार को तमाम स्टॉल खाली देखकर पालिका कर्मी परेशान हुए और दुकानदारों को फोन करके बुलाने का प्रयास किया लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।