जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती मरीज।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिला अस्पताल में 18 मरीजों की जांच में तीन डेंगू के निकले। शहर के मोहल्ला काजीपुरा टीला में 10 से अधिक मरीज डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। यह जिला अस्पताल में उपचार लेने से कतरा रहे हैं।
जिले में मलेरिया के मरीज कम निकल रहे हैं। डेंगू इस सीजन में भारी पड़ रहा है। जिला अस्पताल में अधिकतर मरीज बुखार से पीड़ित पहुंच रहे हैं। इनमें गंभीर मरीजों की लैब में जांच कराई गई। यह डेंगू पॉजिटिव निकले।
गुरुवार को जिला अस्पताल की लैब में जांच के बाद तीन मरीज डेंगू से प्रभावित निकले। यह उपचार के लिए कानपुर या अन्य अस्पतालों के लिए चले गए। शहर का मोहल्ला काजीपुरा टीला इस समय डेंगू की चपेट में है। यहां 10 से अधिक मरीज डेंगू के मिल चुके हैं। यहां स्वास्थ्य विभाग लगातार कैंप लगाकर उपचार दे रहा है। डेंगू पर नियंत्रण नहीं हो रहा। मोहल्ले से डेंगू के मच्छर खत्म नहीं हो रहे हैं। इसी तरह जिले के दाईपुर, रतापुर्वा, समधन समेत कई गांवों और कस्बों में डेंगू के रोगी निकल रहे हैं। जिला अस्पताल में बने डेंगू वार्ड में मरीज भर्ती तो हो रहे, जांच में डेंगू की पुष्टि के बाद रेफर करा कर अन्य अस्पतालों में जा रहे हैं।
इस संबंध में सीएमएस डॉ. शक्ति वसु का कहना है कि डेंगू का उपचार जिला अस्पताल में है। प्लेटलेट्स कम होने पर यहां उपचार नहीं है। इसी के चलते मरीज कानपुर या अन्य बडे़ अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं।