कन्नौज। जलालाबाद ब्लाक में जितने पौधे खरीदे गए, उतने लगाए नहीं गए। सोशल ऑडिट टीम की जांच में लाखों रुपये का गोलमाल पकड़ में आया है। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने ग्राम प्रधान, तकनीकी सचिव व ग्राम विकास अधिकारी से रिकवरी करने के आदेश दिए हैं। इन्हें रुपये जमा कराने के लिए एक हफ्ते का वक्त दिया गया है। रुपये नहीं जमा हुए तो इन सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
जलालाबाद के बैसवारी, अनौगी और कूलापुर में सोशल ऑडिट टीम की जांच में यह गोलमाल पकड़ में आया है। बैसवारी में दो नर्सरी से पौधे लिए गए। एक 70 रुपये प्रति के हिसाब से और दूसरा 80 रुपये प्रति पौध के हिसाब से, इसमें कुल 685 पौधों व खाद का 52450 का भुगतान हुआ। ऑडिट में केवल 64 पौधे रोपित मिले। इसकी लागत 5120 रुपये आंकी गई। यहां 47 हजार 330 रुपये का गोलमाल पकड़ा गया। डीएम ने अरविंद कुमार ग्राम विकास अधिकारी पर 15 हजार 776 रुपये, तकनीकी सहायक गोवर्धन लाल व पूर्व प्रधान मायादेवी से रिकवरी के आदेश दिए गए हैं।
इसी तरह अनौगी में नवोदय विद्यालय में पार्ट थ्री पर 200 पौधे 70 रुपये के हिसाब से 14 हजार रुपये का भुगतान हुआ। अस्सी रुपये के हिसाब से एक हजार पौधों का 80 हजार रुपये भुगतान किया गया। यहां कुल 94 हजार का भुगतान हुआ। ऑडिट टीम ने मौके पर केवल सौ पौधे पाए। 86 हजार रुपये की वित्तीय अनियमितता पाई गई। नवोदय पार्ट फोर में एक हजार पौधे पर 70 रुपये के हिसाब से सत्तर हजार रुपये का भुगतान हुआ। टीम को मौके पर केवल 145 पौधे मिले। इनकी लागत दस हजार एक सौ पचास रुपये आंकी गई। यहां 59 हजार 850 रुपये का गोलमाल पकड़ा गया। सीएचसी में 314 पौधों पर 70 रपये की दर से 21 हजार 980 रुपये का भुगतान हुआ। मौके पर 145 पौधे मिले। लागत 10 हजार 150 रुपये निकली। यहां 11 हजार 830 रुपये का गोलमाल मिला।
इसी तरह जिला जेल में 1100 पौधों का 80 रुपये के हिसाब से 88000 रुपये का भुगतान हुआ। ऑडिट टीम को मौके पर 75 पौधे मिले। यहां 82 हजार रुपये को गोलमाल मिला। अनौगी ग्राम में 200 पौधे 70 रुपये की दर से 14 हजार रुपये और 900 पौधों का 80 रुपये की दर से 72 हजार रुपये का भुगतान हुआ। कुल 11सौ पौधों पर 86 हजार का भुगतान हुआ। मौके पर 177 पौधे मिले। इनकी लागत 14 हजार रुपये थी। यहां 72 हजार रुपये का गोलमाल पकड़ा गया। डीएम ने विनीत कुमार ग्राम विकास अधिकारी पर एक लाख तीन हजार 893 रुपये, गोवर्धन लाल तकनीकी सहायक, ग्राम प्रधान केशकली से भी रिकवरी के आदेश दिए हैं।
जलालाबाद के कूलापुर में 337 पौधौं का 70 रुपये के हिसाब से 23 हजार 590 रुपये भुगतान हुआ। सात सौ पौधों का 56 हजार रुपये 80 रुपये प्रति के हिसाब से भुगतान हुआ। कुल 1037 पौधे खरीदे गए। लागत 80 हजार 90 रुपये रही। मौके पर केवल 64 पौधे मिले। यहां 68 हजार 610 रुपये का गोलमाल मिला। पूर्व प्रधान राजीव से 22 हजार 870 रुपये, गोवर्धन लाल तकनीकी सहायक व ग्राम विकास अधिकारी अरविंद कुमार से रिकवरी के आदेश हुए हैं।