कस्बा तिर्वा में निर्माणाधीन घर में काम कर रहे मजदूर की सीवर टैंक में डूब जाने से मौत हो गई। साथी मजदूरों ने शव बाहर निकाला है। जानकारी के मुताबिक कस्बा तिर्वा के दौलेश्वर मंदिर के पास अशोक फौजी का मकान बन रहा है। इस मकान में बीते दिन सीवर टैंक बनाया गया था।
मकान निर्माण में कई मजदूर लगे हुए थे। गुरुवार देर शाम काम खत्म करने के बाद मजदूर विजय वर्मा (20) पुत्र रामऔतार वर्मा टैंक के पास बैठा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह टैंक में डूब गया। साथी विजय को लापता देख अन्य मजदूरों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। देर रात विजय का शव सीवर टैंक में पड़ा पाया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। तिर्वा कोतवाल आरपी पांडेय ने बताया कि टैंक में गिरकर मजदूर के मरने की जानकारी मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।