पीड़ित महिला से पूछताछ करते पुलिस जवान
- फोटो : अमर उजाला
बहू की शिकायत करने एसपी कार्यालय पहुंची एक महिला को दलाल ने अपने जाल में फंसा कर 5 हजार रुपये ठग लिए। ठग के गायब हो जाने पर महिला ने मौजूद लोगों से इसकी शिकायत की। बाद में महिला ने युवकों के साथ ठग को दबोच लिया। चप्पलों से पिटाई कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। गुरसहायगंज कोतवाली के अफसरी मोहल्ला निवासी बाला श्री पत्नी शिवनाथ सिंह का अपनी बहू से ही विवाद चल रहा है।
बहू ने अपनी सास के खिलाफ गुरसहायगंज कोतवाली में शिकायत की थी। इसी को लेकर महिला एसपी कार्यालय बुधवार को आई हुई थी। इसी दौरान उसे गुरसहायगंज कस्बे के गंगा गली निवासी मनोज पुत्र कल्लू मिल गया। उसने कार्रवाई का प्रलोभन देकर महिला से 5 हजार रुपये ले लिए और गायब हो गया। अकेली महिला रोते हुए खड़ी थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने महिला से पूछताछ की। तो उसने पूरी घटना बताई।
महिला को साथ लेकर कुछ लोग ठग युवक को खोजने निकले। तभी तिर्वा क्रासिंग के निकट युवक दिखाई दिया। महिला को देखते ही युवक भाग खड़ा हुआ। तभी कुछ लोगों ने पीछा करते हुए रेलवे रोड से उसे दबोच लिया। तत्काल सूचना चीता मोबाइल पुलिस को दी। सिपाही संतोष कु मार अपने साथी के साथ मौके पर पहुंचा। महिला की शिकायत पर ठग युवक को हिरासत में ले लिया। जैसे ही पुलिस की गिरफ्त में युवक आया। महिला ने चप्पल उतारकर युवक को मारना शुरू कर दिया। बाद में पुलिस युवक को लेकर कोतवाली चली गई। वहीं महिला को भी बुलाया।