जीटी रोड हरदोई तिराह के पास दो ट्रकों में हुई आमने-सामने भिड़ंत में परिचालक की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया है। चालक को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। वहीं दूसरा चालक ट्रक को लेकर फरार हो गया। कासगंज जनपद के कपैटानगला थाना गंज डुंडवारा निवासी देवेंद्र कुमार (37) पुत्र महिपाल अपने चाचा विजय पाल (40) पुत्र शैतान सिंह के साथ ट्रक पर क्लीनर का काम करता था।
बुधवार देर रात वे दोनों पटना से नया ट्रक लेकर कासगंज जा रहे थे। जैसे ही विजय पाल ट्रक लेकर हरदोई रोड तिराह के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे ट्रक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इससे दोनों घायल हो गए। दुर्घटना देख हरदोई रोड तिराहे पर रहने वाले लोग मौके पर पहुंच गए।
चालक और परिचालक को बाहर निकाला गया। इसके बाद में एंबुलेंस को फोन कर मौके पर बुलाया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान देवेंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल विजय पाल को प्राथमिक उपचार देने के बाद मेडिकल कालेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया। सुबह होने पर सूचना परिजनों को दी गई। दोपहर को परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।