तिर्वा कोतवाली में ईशन नदी से बरामद की गई प्राचीन मूर्तियां।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कोतवाली क्षेत्र के बंशीपुर्वा गांव में स्थित ईशन नदी से रविवार की दोपहर मछली पकड़ने के दौरान जाल में फंसे एक बैग से बरामद की गई पांचों मूर्तियों को पुलिस लाइन के मालखाने में रखी गईं। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को हिरासत में लिए गए गांव के चारों युवकों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया है। पुलिस ने बरामद की गई मूर्तियों का तिर्वा के सराफा बाजार में परीक्षण कराने का प्रयास किया, व्यापारियों ने मूर्तियों का परीक्षण करने से इनकार कर दिया।
तिर्वा कोतवाल आलोक कुमार यादव ने बताया कि रविवार की दोपहर कोतवाली क्षेत्र के वंशीपुर्वा गांव में वीरभान, शिवा, ऊधन व सत्यपाल ईशन नदी में मछली पकड़ने के लिए जाल डाले हुए थे। उनके जाल में एक बैग फंस गया। उसे बाहर लाकर जब खोला तो उसमें पांच मूर्तियां निकली। इसमें दो मूर्तियां भगवान विष्णु व मां लक्ष्मी की हैं। दो मूर्तियां भगवान श्रीराम व मां सीता की है। एक छोटी मूर्ति भगवान लड्डू गोपाल की है।
कोतवाल ने बताया कि मूर्तियाें की कीमत का आकलन करने के लिए तिर्वा के सराफा व्यवसायियों से परीक्षण कराने का प्रयास किया गया। पुलिस के झंझट से बचने के लिए व्यापारियों ने परीक्षण की सुविधा न होने की बात कहकर मना कर दिया। बताया कि रविवार को हिरासत में लिए गए चारों युवकों को पूछताछ के बाद सोमवार को छोड़ दिया गया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद बरामद की मूर्तियों को पुलिस लाइन के मालखाने में जमा करवा दिया गया है।
कुंवरपाल बंजारा से तो नही जुडे़ मूर्तियों के तार?
तिर्वा। कस्बे के सिद्धपीठ मां अन्नपूर्णा मंदिर में 16 फरवरी की रात आभूषण की चोरी हो गए थे। इस मामले में जिले की एसओजी टीम ने ठठिया थानाक्षेत्र के रामनगर गांव निवासी शातिर बदमाश कुंवरपाल बंजारा के घर पर कई बार दबिश दी थी। पर वह फरार था। कुंवरपाल बंजारा का गांव रामनगर वंशीपुर्वा से करीब एक किलोमीटर दूर है। कुंवरपाल मध्यप्रदेश के रीवा जिले के म्यूजियम में हुई करोड़ों की चोरी के मामले में भी वांछित है। कई बार रीवा पुलिस उसकी तलाश में आ चुकी है। कोतवाली पुलिस का अनुमान है कि उक्त मूर्तियां चोरी के मामले से संबंधित हो सकती हैं। पुलिस की कार्रवाई व तलाशी से बचने के लिए एक बैग में भरकर मूर्तियाें को ईशन नदी में छिपाया गया था। इन दिनों ईशन नदी में पानी काफी कम होने के कारण उक्त बैग मछली पकड़ने वाले के जाल में आ फंसा।