उपखंड कार्यालय में एसडीओ से वार्ता करते जेई।
- फोटो : अमर उजाला
ठेकेदारी को लेकर सपा नेता ने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर को पीट दिया। जेई ने जिला पंचायत सदस्य, उसके भाई समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मानपुर विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत अवर अभियंता प्रेम शंकर शर्मा रविवार रात आठ बजे बाईपास स्थित भोजनालय पर इंजीनियरों व विभागीय ठेकेदार के साथ खाना खा रहे थे। तभी सपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य प्रीतू कटियार के छोटे भाई शैलू कटियार अपने 4-5 साथियों के साथ वहां पहुंचे।
यहां उन्होंने इंजीनियर पर अपने रिश्तेदार गुड्डन कटियार से गाली-गलौज करने का आरोप लगाया। जेई के मना करने पर उन्होंने जबरन उन्हें बाइक पर बैठा लिया। जीटी रोड स्टेट बैक के निकट एक बैट्री की दुकान पर ले गए। जेई का आरोप है कि यहां जिला पंचायत सदस्य प्रीतू कटियार, शैलू कटियार व अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उनसे मारपीट की। जान से मार देने की धमकी दी। जिला पंचायत सदस्य की कार में उन्हें जबरन डालने का प्रयास किया गया।
इसी बीच पुलिस और विभागीय जेई मौके पर पहुंच गए तो आरोपी धमकी देते हुए चले गए। सोमवार सुबह बिजली विभाग के कई इंजीनियर कोतवाली पहुंचे। कोतवाली के एसएसआई रमेश चंद्र पांडेय को तहरीर दी। पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य प्रीतू कटियार, छोटे भाई शैलू कटियार व चार-पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसएसआई का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर राज्य विद्युत परिषद के सचिव दीप चंद्र ने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन ने सही कार्रवाई नहीं की तो परिषद आंदोलन शुरू करेगा। इस बारे में एसपी दिनेश कुमार पी का कहना है मामला उनके संज्ञान में नहीं है। पता कराते हैं और जेई को पीटने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।