बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने मानपुर विद्युत उप केंद्र पर धावा बोल दिया। जेई समेत कर्मचारियों से हाथापाई करते हुए ईंट-पत्थर बरसाए। मामले में अहमदपुर रौनी गांव के ग्रामीणों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। बुधवार की देर शाम बिजली कटौती होने से नाराज अहमदपुर रौनी गांव के करीब एक दर्जन लोग बाइकों से विद्युत उप केंद्र मानपुर पहुंच गए। यहां उन्होंने अवर अभियंता व कर्मचारियों से गालीगलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी।
इससे कर्मचारी व अधिकारी मौके से खिसक लिए। इस पर ग्रामीणों ने उप केंद्र पर ईंट पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। करीब आधा घंटे तक चले हंगामे के बाद ग्रामीण वापस चले गए। बिजली विभाग के अवर अभियंता शशिकांत ने इस मामले की जानकारी विभागीय उच्चाधिकारियों को दी।
गुरुवार को अधिशासी अभियंता पी.राम के निर्देश पर अहमदपुर रौनी गांव निवासी शराफत पुत्र सबकतुल्ला, पहलवान चक्की वाले, जकील पुत्र जमील अली, फारुख पुत्र साबिर अली सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। आरोप है कि उक्त लोग आए दिन उप केंद्र पर आकर गालीगलौज करते हैं। सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हैं। कोतवाल श्यामवीर सिंह यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।