गंगधरापुर गांव के पास झाड़ियों में शव को खोजते पुलिस जवान।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगधरापुर के पास झाड़ियों में एक युवक का सिर व पैर कटा शव मिला है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गंगधरापुर गांव निवासी राम बाबू सविता के खेत के पास झाड़ियां हैं। गुरुवार की सुबह कुछ लोग खेतों की ओर गए। इस दौरान ग्रामीणों ने कुत्तों को झाड़ियों से निकलते देखा। वहीं दुर्गंध भी लगी। इस पर उन्होंने झाड़ियों में जाकर देखा तो सिर व पैर कटा 25 वर्षीय युवक का शव पड़ा पाया।
ग्रामीणों को इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में सैकड़ों की तादात में लोग मौके पर पहुंच गए। शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी सुभाष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। वहां मौजूद लोगों से शव की शिनाख्त कराई लेकिन सिर न होने के कारण कोई उसकी पहचान नहीं कर सका।
सहिल्लापुर गांव निवासी अतर सिंह पुत्र भगवान सिंह की तहरीर पर पुलिस ने फौती सूचना दर्ज कर शव का पंचायतनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शव 8 से 15 दिन पुराना लग रहा है। पूरी तरह से सड़ चुका है।