जिला अस्पताल के पास शटर का ताला तोड़कर चोरी साड़ियों के बिखरे डिब्बे।
- फोटो : अमर उजाला
जिला चिकित्सालय पुलिस चौकी से चंद कदमों पर स्थित गारमेंट की दुकान के ताले तोड़कर चोर करीब पांच लाख का सामान-नगदी ले उड़े। गुरुवार सुबह पुलिस ने मौके पर छानबीन की। पीड़ित दुकानदार ने तहरीर दी है। जसौली कोतवाली कन्नौज निवासी मो. जमा पुत्र मो. लतीफ की जिला अस्पताल के पास अबदुल्ला क्लाथ हाउस के नाम पर कपड़े की दुकान है। यह दुकान जिला अस्पताल पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर है। बुधवार शाम वह दुकान में ताला लगाकर घर चले गए।
रात के समय चोरों ने शटर के दो ताले तोड़कर दुकान में रखी महंगी साड़ियां, सूट व अन्य कपड़े चोरी कर लिए। सुबह होने पर जब मो. जमा चाबी लेकर दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे पड़े थे। शटर बंद था। दुकान खोलकर देखी तो साड़ियां गायब थीं। दुकान की गोलक भी गायब मिली। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इसी दौरान दुकान के निकट खेत के किनारे झाड़ियों में गोलक पड़ी पाई। इसमें रखे सात हजार से अधिक रुपये व बिल गायब मिले।
दुकान स्वामी ने तत्काल 100 नंबर लगाकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी सुभाष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इधर, दुकानदार ने तहरीर दे दी है। कोतवाल ने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।