दुर्घटना के बाद रोते-बिलखते मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बेहरिन गांव में आईटीआई के सामने शनिवार शाम बाइक चालक ने साइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे से खफा ग्रामीणों ने तिर्वा-कन्नौज रोड पर जाम लगा दिया। इससे करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। तिर्वा कोतवाली के भिदासिन गांव निवासी रामनिवास (18) पुत्र सुभाष चंद्र राठौर साइकिल से आटा पिसाने के लिए बेहरिन आया था। शाम पांच बजे के करीब वह अपनी साइकिल से लौट रहा था।
उसी दौरान कन्नौज की ओर से आ रहे एक बाइक चालक ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। दुर्घटना को देख आसपास के लोग बाइक सवार को पकड़ने के लिए दौड़े। कुछ दूर जाकर ग्रामीणों ने बाइक सवार को पकड़ लिया।
उधर कुछ उत्तेजित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बाइक सवार को हिरासत में ले लिया। उधर दुर्घटना की जानकारी पाकर एसडीएम सदर सुनील कुमार शुक्ला, कोतवाल तिर्वा आरपी पांडेय व ठठिया थानाध्यक्ष रवींद्रनाथ सिंह यादव मौके पर पहुंचे। जाम लगाए ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खत्म करा दिया।