हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक को देखते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्वी बाईपास पर बाइक पर सवार दो लोगों को तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। इधर, बाइक सवार की मौत से गुस्साए लोगों ने हंगामा करते हुए बाईपास रोड जाम कर दिया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा। सूचना पर पहुंचे पुलिस के अधिकारियों ने जाम लगाए लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए हुए थे।
सदर कोतवाली के अहमपुर रौनी गांव निवासी अता हुसैन (22) पुत्र शमशाद गांव के ही साथी मुसिम (20) पुत्र जमील के साथ रविवार सुबह पूर्वी बाईपास से डीजल भरवाकर जिला अस्पताल किसी काम से जा रहा था। जैसे ही वह बाइक लेकर ओवरब्रिज के पास पहुंचा। तभी पीछे आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। दोनों के पैरों में गंभीर चोटें आईं। हादसे को देख आसपास काम कर रहे लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई।
आनन-फानन में 108 एंबुलेंस पर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर घायलों को कानपुर रेफर कर दिया गया। इधर, सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बाईपास पर जाम लगाकर हंगामा काटना शुरू कर दिया। तभी गांव के अहमद ने बाईपास पर जाम लगा दिया।
बाईपास जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को काफी समझाने का प्रयास किया। इससे करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। वहीं कानपुर में इलाज के दौरान मुसिम की मौत हो गई है। मुसिम की मौत से परिजनों में गम का माहौल है। दोबारा जाम की आशंका के चलते बाईपास पर पुलिस के सिपाहियों को तैनात करा दिया गया है।