तेल कोल्हू कारखाने का टूटा शटर।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र के गोवर्धनी तिराहे पर चोरों ने पांच दुकानों के शटर तोड़ व सेंध लगाकर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। शराब ठेके में सेध लगाते समय सेल्समैन ने हंगामा किया तो चोर भाग निकले। सूचना पाकर सुबह पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की तहरीर दुकानदारों ने पुलिस को दी है। गोवर्धनी तिराहे निवासी सत्येंद्र कुमार उर्फ जुगाड़ीलाल ने बताया कि सोमवार की रात चोर उसकी कपड़े व टेलर्स की दुकान पर पहुंचे। जहां उन्होंने शटर तोड़ने की कोशिश की।
दुकान में डबल शटर होने के कारण चोर एक ही शटर तोड़ सके। इसी प्रकार कुछ दूरी पर राजू सिंह की बीज भंडार की दुकान का चोरों ने शटर तोड़ डाला। चोरों में दुकान में रखी गोलक से हजारों रुपये की नगदी व कुछ महंगे कीटनाशक उठा ले गए। इसके बाद चोरों ने पूरन राठौर के तेल कोल्हू कारखाने का शटर तोड़कर बैंक पासबुक समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। इसके बाद चोर देशी शराब ठेके की पक्की दुकान में सेंध लगाने लगे। चोरों ने दुकान की कई ईंटें निकाल डाली।
इसी बीच दुकान के अंदर लेटे सेल्समैन के सिर पर एक ईंट गिर गई। सेल्समैन की आंख खुल गई और दुकान में सेंध लगी देख सेल्समैन ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे कई लोग मौके पर पहुंच गए। तब तक चोर मौके से भाग चुके थे। सुबह होने पर दुकानदारों ने पुलिस के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए रात के समय गस्त लगाए जाने की मांग की। वहीं चौराहे पर बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग रखी।