कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करमुल्लापुर में पिता-पुत्र ने महिला को पीटकर जेवरात लूट लिए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने जब उनके घर में दबिश दी तो कोई नहीं मिला। महिला को गंभीर हालत में सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
बुधवार शाम सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम करमुल्लापुर में जनपद मैनपुरी के थाना बिछवां अंतर्गत ग्राम दिहुली निवासी शारदा देवी पत्नी जितेंद्र सिंह रिश्तेदारी में आई थी। गांव के ही दीवान सिंह व थान सिंह ने रुपयों के लेनदेन में महिला की पिटाई शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिता-पुत्र ने महिला को मारपीट कर अधमरा कर दिया और उसकी जंजीर व झुमकी सहित सभी जेवर लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद पिता-पुत्र भाग गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना 100 नंबर पर दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश में दबिश दी। देर रात तक पुलिस आरोपी पिता-पुत्र को ढूंढ रही थी।
उधर, घायल शारदा को एंबुलेंस से सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। कोतवाल राजबहादुर सिंह ने बताया कि अभी मामले की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपी पिता-पुत्र की तलाश में जुटी है।