नगर क्षेत्र में एक मकान का निर्माणाधीन लेंटर अचानक गिर पड़ा। इसमें तीन गृहस्वामी समेत सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक रविवार की देर शाम समधन नगर क्षेत्र के मोहल्ला किदवई नगर में समशुल के छत पर निर्माण कार्य चल रहा है।
इसमें समशुल (38), उसकी पत्नी हुसन्ना बेगम (36), मां रुखसाना बेगम (50) व पुत्र अरबाज (5) लेंटर के नीचे बैठे थे। वहीं लेंटर पर ऊपर मिस्त्री रामकरन, लेबर नसरुद्दीन, कलीम काम कर रहे थे। तभी अचानक दीवार गिर जाने से लेंटर नीचे बैठ गया। इसमें लेंटर के नीचे दब जाने से समशुल, हुसन्ना बेगम, रुखसाना बेगम, असबाज समेत रामकरन, नसरुद्दीन, कलीम घायल हो गए। तेज धमाका व चीख पुकार सुन स्थानीय लोग दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया है। हादसे में समशुल व उसकी मां रुखसाना को गंभीर चोंटे आईं हैं वहीं मामूली रूप से घायल मिस्त्री रामकरन मौके से भाग निकला है। इधर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी है।