अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। सदर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात को घेराबंदी कर एसपी कार्यालय परिसर के पास से नशीले पदार्थ की तस्करी करने वाले युवक को दबोचा है। उसके पास से पुलिस ने एक किलो नशीला पाउडर बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पता चला है कि आरोपी युवक लखनऊ के पारा और नाका थाने के अलावा जीआरपी से चोरी के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी की क्राइम हिस्ट्री पता करने के लिए पुलिस टीम को लखनऊ भेजा गया है। जिस स्थान से युवक को पकड़ा गया, वहां से डीएम व दूसरे अफसरों के आवास कुछ दूरी पर हैं।
मंगलवार रात करीब 12 बजे सरायमीरा चौकी प्रभारी विनीत उपाध्याय को सूचना मिली कि एक संदिग्ध रेलवे स्टेशन की ओर से एसपी कार्यालय (इधर ही डीएम आवास भी है) की ओर आया है। चौकी इंचार्ज ने इसकी जानकारी सदर कोतवाली प्रभारी विनोद मिश्रा को दी। वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसपी कार्यालय के आसपास घेराबंदी कर शातिर युवक को दबोच लिया। कोतवाली में युवक ने अपना नाम गुफरान अली उर्फ राजा पुत्र इदरशाद निवासी डूडा कालोनी नरपत खेड़ा लखनऊ बताया। पुलिस ने उसके पास से एक किलो नशीला पाउडर बरामद किया है। इसे डायजापाम माना जा रहा है। युवक ने बताया कि वह करीब 10 साल पहले असूरन खेड़ा हसनगंज उन्नाव स्थित आवास को बेचकर लखनऊ चला गया था। वह आसपास के जनपदों में नशीले पदार्थ की तस्करी करता है। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उसके साथियों के बारे में भी जानकारी की जा रही है। आरोपी के घर में केवल मां नूरजहां रहती हैं। गुफरान की हरकतों के कारण पत्नी मुमताज उसे कुछ साल पहले छोड़कर चली गई। गुफरान लखनऊ के पारा और नाका थाने के अलावा जीआरपी लखनऊ से चोरी के मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के लिए एक टीम को लखनऊ भेजा गया है। पता किया जा रहा है कि वह शहर में नशीला पाउडर किसे बेचने के लिए आया था।
एसपी कार्यालय परिसर के पास से नशीले पाउडर का तस्कर पकड़ा
पुलिस ने घेराबंदी कर तस्कर के कब्जे से एक किलो नशीला पदार्थ किया बरामद, पास में ही है डीएम और अन्य अफसरों का आवास
हसनगंज उन्नाव से मकान बेचकर लखनऊ में रह रहा था, लखनऊ के पारा और नाका थाने के अलावा जीआरपी लखनऊ से चोरी के मामले में हो चुका है गिरफ्तार